कम विजिबिलिटी के कारण रद्द हुआ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का धरमजयगढ़ दौरा

रायगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड नहीं हो सका विमान, ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह को वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित

सक्ती – खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के चलते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज 15 नवंबर का धरमजयगढ़ दौरा रद्द हो गया। उनके विमान को रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन मौसम अनुकूल न होने के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी।
तय कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित भव्य ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। तकनीकी और मौसम संबंधी बाधाओं के कारण वे कार्यक्रम स्थल पर प्रत्यक्ष रूप से तो नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर विशाल जनसभा को संबोधित किया और प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इधर, धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित इस मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी विशेष रूप से मौजूद रहीं। दोनों दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
