सक्ती

पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं – कलेक्टर

पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं - कलेक्टर kshititech

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के दिए निर्देश

विकसित भारत जी-राम-जी में मानव दिवस सृजन बढ़ाने, प्रधानमंत्री आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर

सक्ती-  कलेक्टर  जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक ली। बैठक में विकसित भारत जी-राम-जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की योजनावार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पंचायत विभाग के सभी अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकसित भारत जी-राम-जी के अंतर्गत श्रमिक मूलक कार्यों में वृद्धि कर अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के साथ योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आवास निर्माण को प्राथमिकता से पूर्ण कराने, स्वीकृति के लिए लंबित आवासों की आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने तथा अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता गतिविधियों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्षित 51 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के अनुसार फोर-वे संग्रहण अक्टूबर माह तक पूर्ण कराने, सामुदायिक शौचालयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा जिले के सभी ग्रामों में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती जैन ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में लखपति दीदी सर्वे का कार्य सितम्बर माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों एवं संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने, मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विभागीय कार्यों की सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ  वासु जैन, जनपद पंचायत सक्ती मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सी के आदिले, जनपद पंचायत जैजैपुर मुख्य कार्यपालन अधिकारी  संदीप कश्यप, जनपद पंचायत मालखरौदा मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तेजेश्वर यादव, जनपद पंचायत डभरा मुख्य कार्यपालन अधिकारी  उमेश रात्रे सहित जिला पंचायत और जनपद पंचायत के मनरेगा शाखा, एनआरएलएम शाखा, पीएमएवाई शाखा सहित अन्य विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।