राज मिस्त्री कल्याण संघ ने विश्वकर्मा जयंती पर निकाली भव्य शोभायात्रा

सक्ती- राज मिस्त्री कल्याण संघ सक्ती द्वारा अंचल के राजमिस्त्रियों की सक्रिय सहभागिता से भगवान विश्वकर्मा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार में भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा दूसरे दिन विसर्जन से पूर्व नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को अपराह्न वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित अनिल शर्मा ने संघ के संस्थापक संरक्षक एवं अधिवक्ता चितरंजय पटेल के सान्निध्य में प्रमुख यजमान एवं संघ के उपाध्यक्ष पीला दाऊ केंवट तथा अन्य राजमिस्त्रियों की उपस्थिति में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापना एवं पूजन कराया। रात्रि में भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की आराधना की गई।
द्वितीय दिवस विधि-विधान से हवन-यज्ञ एवं पूजन के बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व नगर पालिका सामुदायिक भवन से बंधवा तालाब स्थित विसर्जन स्थल तक नगर के प्रमुख मार्गों से होकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में राजमिस्त्री एवं समाज के लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर संघ के संस्थापक संरक्षक अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा दुनिया के सृजनकार हैं। निर्माण एवं सृजन के कार्य से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के लिए भगवान विश्वकर्मा प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री कल्याण संघ द्वारा प्रतिवर्ष विश्वकर्मा जयंती का आयोजन श्रम एवं निर्माण से जुड़े कारीगरों की एकजुटता और आस्था का प्रतीक है।
आयोजन को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद धीरहे, सचिव सुरेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष प्रेम देवांगन, सहसचिव महेंद्र बरेठ सहित मुकेश धीवर, रंगसाय बरेठ, प्रमोद साहू टेमर, गोपीनाथ कांदानारा, राजीव गोंड एवं अन्य राजमिस्त्रियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सन 2000 से लगातार आयोजन
विदित हो कि वर्ष 2000 में राज मिस्त्री कल्याण संघ के गठन के बाद से संघ द्वारा लगातार विश्वकर्मा जयंती का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन 26वें वर्ष में संपन्न हुआ। संघ के संरक्षक पटेल परिवार के सान्निध्य में ऑफिसर्स कॉलोनी सक्ती स्थित राधाकृष्ण मंदिर में अंचल की एकमात्र प्राण-प्रतिष्ठित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा भी विराजमान है।
