“नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

100 सप्ताह तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान, विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवा संगठनों के माध्यम से होंगे व्यापक कार्यक्रम

सक्ती – भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा भारत के संयुक्त तत्वावधान में एवं कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन आज कलेक्टोरेट सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों से जुड़कर युवाओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ ही “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज देशभर में प्रारंभ हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए 100 सप्ताह तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता फैलाना तथा इसे जनभागीदारी से एक सतत राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप देना है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाना है।
उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर आगामी 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विविध जन-जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में टिकेश्वर गबेल, अभिषेक शर्मा, जिला खेल अधिकारी हरि पटेल, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, प्राचार्य, शिक्षक, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं, युवा, एन.एस.एस., स्काउट-गाइड तथा मेरा भारत वॉलंटियर्स सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सहभागिता की। सभी उपस्थितजनों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने एवं जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

