मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत अपात्र परिवारों की सूची जारी, 27 जुलाई तक कर सकते हैं दावा-आपत्ति

सक्ती – मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास सूची वर्ष 2023 में शामिल अपात्र परिवारों की सूची जिले की ग्राम पंचायतों द्वारा आयोजित विशेष ग्रामसभा से अनुमोदन उपरांत जनपद पंचायतों के माध्यम से प्राप्त हुई है। जारी अपात्र सूची में यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की आपत्ति हो, तो वह संबंधित जनपद पंचायत में अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। दावा-आपत्ति 27 जुलाई 2026 को अपराह्न 5:00 बजे तक कार्यालयीन समय में संबंधित जनपद पंचायत में उपस्थित होकर लिखित रूप से जमा की जा सकती है। जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले की सभी जनपद पंचायतों तथा जिला पंचायत सक्ती कार्यालय के सूचना पटल पर उक्त सूची का अवलोकन किया जा सकता है। इसके अलावा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://sakti.cg.gov.in/notice_category/ पर भी अपात्र परिवारों की सूची देखी जा सकती है। जिला प्रशासन ने संबंधित हितग्राहियों से निर्धारित समयावधि के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की है।

