सक्ती

सक्ती जिला पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य समारोह, नवनिर्मित ‘पुलिस जन संवाद कक्ष’ का हुआ शुभारंभ

अग्रसेन चौक पर बड़ी एलईडी पर देखा गया पीएम मोदी के लाइव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, पुलिस कप्तान और जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों नागरिक रहे मौजूद

सक्ती जिला पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस पर भव्य समारोह, नवनिर्मित 'पुलिस जन संवाद कक्ष' का हुआ शुभारंभ kshititech

सक्ती –  भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर सक्ती जिला पुलिस प्रशासन द्वारा एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर की शाम को शहर के प्रमुख अग्रसेन चौक पर नवनिर्मित ‘पुलिस जन संवाद कक्ष’ परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का आयोजन बेहद धूमधाम से संपन्न हुआ।
इस गरिमामयी कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें गुजरात के एकता नगर (केवडिया) से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एक विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को दिखाया गया। देश की एकता और अखंडता को समर्पित इस सीधे प्रसारण को देखने के लिए कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक और प्रबुद्ध जन घंटों तक डटे रहे।
नवनिर्मित ‘पुलिस जन संवाद कक्ष’ का हुआ शुभारंभ
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस पावन अवसर पर सक्ती जिले को एक बड़ी सौगात भी मिली। जिला पुलिस कप्तान प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में अग्रसेन चौक स्थित नवनिर्मित ‘पुलिस जन संवाद कक्ष’ का औपचारिक शुभारंभ इस कार्यक्रम के साथ ही कर दिया गया। अब इस आधुनिक परिसर से जिला पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के कार्यालय व्यवस्थित ढंग से संचालित होंगे। प्रमुख रूप से जिला साइबर सेल और जिला यातायात विभाग (ट्रैफिक डिपार्टमेंट) इसी परिसर से अपने कार्यों का संचालन करेंगे, जिससे आम जनता को पुलिसिंग से जुड़ी सुविधाएं और बेहतर ढंग से मिल सकेंगी।
पुलिस के आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामय उपस्थिति
राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में सक्ती जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. श्रीमती मुनेश्वरी पैंकरा सहित जिले के विभिन्न थानों के प्रभारी, साइबर सेल के विशेषज्ञ, जिला यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिस विभाग के साथ-साथ क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने काफी संख्या में पहुंचे।
आम नागरिकों की सहभागिता और राष्ट्रभक्ति के जयकारे
सक्ती जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी जयकारे लगाए।
स्वल्पाहार एवं शरबत की रही व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने आए आगंतुकों, नागरिकों और अतिथियों के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी, जिसकी लोगों ने काफी सराहना की। अग्रसेन चौक पर सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए शाम को पूरा पुलिस बल मुस्तैद रहा। यह आयोजन शहर में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक अनूठी और सराहनीय पहल साबित हुआ।