जोंगरा हत्याकांड: आरोपित हिरासत में, कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकता है बड़ा खुलासा

महिला पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या मामले में जांच अंतिम चरण में जनता की नजर, पुलिस की आधिकारिक घोषणा पर टिकीं

सक्ती – ग्राम पंचायत जोंगरा में दिनदहाड़े महिला पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या किए जाने के बहुचर्चित मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा जल्द कर सकती है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा कल बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस की जांच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आगे बढ़ चुकी है और संदेह के आधार पर कुछ लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच अंतिम चरण में पहुंचने की बात सामने आ रही है। वहीं, जब नगर निरीक्षक लखन लाल पटेल एवं एसडीओपी पैकरा से मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो दोनों अधिकारियों ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इधर, जोंगरा सहित पूरे क्षेत्र में इस हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। ग्रामीणों और आमजन की निगाहें अब पुलिस की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। यदि बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है, तो इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में संयम बरतते हुए जांच को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।




