पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा, 03 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

सक्ती- छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा अटल उत्कृष्ट शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। योजना के लिए 03 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। योजना के तहत ऐसे पंजीकृत निर्माण श्रमिक, जो निर्माण श्रमिक के रूप में कम से कम एक वर्ष पूर्व पंजीकृत हैं, उनकी प्रथम दो संतानों में से इस वर्ष कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले बच्चों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रदेश के उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ निर्माण कार्य से जुड़े लगभग 60 प्रकार के पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा। इनमें राजमिस्त्री, रेजा-कुली, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर, कारपेंटर सहित अन्य निर्माण श्रमिक शामिल हैं। योजनांतर्गत ऑनलाइन आवेदन एवं अधिक जानकारी के लिए विभागीय पोर्टल श्रमेव जयते, श्रमेव जयते मोबाइल ऐप, कार्यालय श्रम पदाधिकारी सक्ती, जनपद पंचायतों में संचालित श्रम संसाधन केंद्र, नजदीकी चॉइस सेंटर अथवा लोक सेवा केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।




