अवैध रेत परिवहन पर लगाम, चंद्रपुर क्षेत्र से 05 ट्रैक्टर जप्त


सक्ती – जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के विरुद्ध सक्ती पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना चंद्रपुर पुलिस ने रेत के अवैध धंधे में संलिप्त वाहनों पर कार्यवाही की है।
कार्यवाही का विवरण:
पुलिस अधीक्षक के निर्देशनुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (डभरा) सुमित गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में, थाना चंद्रपुर स्टाफ द्वारा ग्राम चन्द्रपुर स्थित शनि मंदिर घाट महानदी तट पर दबिश दी गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम ने मौके पर महानदी की रेत का अवैध रूप से परिवहन करते हुए 05 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद चालकों से रेत उत्खनन / परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज की मांग की गई, जो उनके द्वारा पेश नहीं किए जा सके। सभी 05 वाहनों को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा किया गया है। पुलिस द्वारा संबंधित विभाग को इस अवैध उत्खनन की सूचना देकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन और परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।




