सक्ती

डाक सेवकों का बहुउद्देशीय कर्मचारी पद पर चयन

सक्ती –  छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के अंतर्गत सक्ती डाक उपसंभाग के दो ग्रामीण डाक सेवकों का चयन दिल्ली में बहुउद्देशीय कर्मचारी (एमटीएस) पद पर हुआ है। चयन की सूचना मिलते ही डाक विभाग के कर्मचारियों, ग्रामीण डाक सेवक संघ तथा परिजनों में हर्ष का माहौल है। दिल्ली डाक परिमंडल में रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष भर्ती अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय कर्मचारी भर्ती-2023 के परिणाम घोषित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में सक्ती डाक उपसंभाग के देवचरण राठौर, सहायक शाखा डाकपाल, सिंगनसरा तथा अश्वनी कुमार, सहायक शाखा डाकपाल, गढ़गोढ़ी का चयन दिल्ली के विभिन्न प्रधान डाकघरों में हुआ है। जानकारी के अनुसार यह भर्ती अन्य डाक परिमंडलों के विभागीय सीमित प्रतियोगी परीक्षा-2023 के पात्र, अतिरिक्त योग्य एवं इच्छुक ग्रामीण डाक सेवक अभ्यर्थियों से की गई थी। दोनों कर्मचारियों ने अपनी मेहनत, लगन और कार्यकुशलता के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों कर्मचारियों के चयन पर ग्रामीण डाक सेवक संघ सक्ती ने प्रसन्नता व्यक्त की। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य ग्रामीण डाक सेवकों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बनेगी।