सक्ती

जैजैपुर से मालखरौदा तक बदमाशों का आतंक: रातभर सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे फोड़े, CCTV में बाइक सवार तीन संदिग्ध कैद, लगातार वारदातों से क्षेत्र में दहशत

सक्ती – सक्ती जिले के जैजैपुर से मालखरौदा तक बीती रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। सड़क किनारे खड़ी कई चारपहिया वाहनों के शीशे फोड़ दिए गए, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। मिशन चौक, पिहरीद, कलमी गांव सहित कई स्थानों पर हुई इस तोड़फोड़ की घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं अब सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक भी नजर आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, बीती रात जैजैपुर क्षेत्र से शुरू हुई यह तोड़फोड़ की घटना मालखरौदा तक पहुंची। रास्ते में जहां-जहां सड़क किनारे चारपहिया वाहन खड़े मिले, वहां बदमाशों ने उनके शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाया। सुबह जब वाहन मालिक घरों से बाहर निकले तो अपनी गाड़ियों के टूटे कांच देखकर स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने बताया कि उनकी कारें घर के सामने या मुख्य सड़क किनारे खड़ी थीं, जिन्हें देर रात निशाना बनाया गया। घटना के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में भय व नाराजगी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक वाहनों को निशाना बनाया। लगातार कई स्थानों पर हुई वारदातों से लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना सामने आने के बाद सोमवार सुबह क्षेत्रवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि यही तीनों आरोपी जैजैपुर से मालखरौदा तक अलग-अलग स्थानों पर खड़ी कारों के शीशे फोड़ते नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि बाइक के पीछे बैठा युवक जहां भी सड़क किनारे कार खड़ी दिखती, वहां रुककर उसके शीशे पर हमला कर देता था। बाइक चालक लगातार वाहन आगे बढ़ाता रहा, जबकि तीसरा युवक भी उनके साथ मौजूद था। स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों बदमाश पूरी तरह बेखौफ और मदमस्त दिखाई दे रहे थे तथा उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से अगले स्थान की ओर बढ़ जाते और वहां खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाते थे। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जैजैपुर से मालखरौदा तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। इस घटना के बाद मालखरौदा पुलिस की कार्यशैली और रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था भी कटघरे में आ गई है। जिन स्थानों पर वाहनों के कांच तोड़े गए, वे अधिकांश इलाके मालखरौदा थाना से अधिक दूर नहीं बताए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस लगातार रात्रि गश्त के दावे करती है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को नुकसान पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्यालय क्षेत्र में ही बदमाश खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं तो दूरस्थ गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।