सक्ती

सक्ती में 9 लीटर महुआ शराब, 100 किलो लाहन जब्त

आबकारी विभाग की कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार; नंदौरकला में भी केस दर्ज

सक्ती –  सक्ती जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के मार्गदर्शन में मल्दा गांव में छापा मारकर महुआ शराब और लाहन जब्त किया गया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 7 मई को की गई। जैजैपुर आबकारी वृत्त की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि थाना हसौद के वार्ड नंबर 4 मल्दा निवासी सूरज कुमार मित्तल (26) अपने घर में महुआ शराब बनाकर बिक्री के लिए जमा कर रहा है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम ने तत्काल आरोपी के घर पर दबिश दी।
9 लीटर महुआ शराब और 100 किलो महुआ लाहन बरामद
जांच के दौरान मौके से एक प्लास्टिक बाल्टी में 9 लीटर महुआ शराब और विभिन्न प्लास्टिक बाल्टियों में रखा 100 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। टीम ने नियमानुसार सैंपल लेने के बाद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
आरोपी सूरज कुमार मित्तल के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
दूसरी कार्रवाई
इसी कड़ी में, जनसमस्या निवारण शिविर में मिली शिकायत के आधार पर ग्राम नंदौरकला में भी कार्रवाई की गई। यहां पंचम लाल धीरहे के घर से 2 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी पंचम लाल धीरहे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।