जिला प्रशासन की पहल: विश्व मलेरिया दिवस पर जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान व संगोष्ठी



सक्ती- विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिले के समस्त विकासखंडों में विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान जिला प्रशासन कलेक्टर अमृत विकास तोपनो निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के नेतृत्व मे संचालित हुआ, जिसमें आमजन को मलेरिया से बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि मलेरिया एक जानलेवा, किन्तु पूर्णतः रोके जाने योग्य एवं उपचार योग्य बीमारी है। इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। इस वर्ष की थीम “ड्राइवन टू एंड द मलेरिया: नाऊ वी कैन. नाऊ वी मस्ट” के तहत लोगों को मलेरिया मुक्त समाज के लिए प्रेरित किया गया। संगोष्ठी के माध्यम से मलेरिया से बचाव एवं नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत घर-घर जाकर बुखार सर्वे, संदिग्ध मरीजों की त्वरित जांच (RDT/स्लाइड), पॉजिटिव मरीजों का शीघ्र एवं पूर्ण उपचार तथा जनजागरूकता अभियान चलाए गए। साथ ही, जल जमाव को समाप्त कर मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए विशेष अभियान भी संचालित किया गया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आमजन से अपील की कि वे मलेरिया से बचाव हेतु जागरूक रहें, प्रत्येक बुखार की जांच कराएं एवं अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल ने मच्छरदानी के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया।
“शून्य मलेरिया – स्वस्थ भारत, स्वस्थ सक्ती” के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आमजन की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।


