भागवत कथा श्रवण करने से मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है: पं. राजेंद्र शर्मा


सक्ती – कात्रेनगर स्थित कुष्ठ निवारण आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन कथावाचक पं. राजेंद्र शर्मा ने भक्तों को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का मर्म समझाया। कथा के दौरान उन्होंने शुकदेव जी के आगमन, राजा परीक्षित को मिले श्राप, भीष्म स्तुति, कपिल चरित्र, ध्रुव चरित्र और भगवान के वराह अवतार जैसे पावन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया।
कलयुग में कल्पवृक्ष से बढ़कर है भागवत महापुराण
कथा का रसपान कराते हुए पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि कलयुग में श्रीमद्भागवत महापुराण कल्पवृक्ष से भी बढ़कर फलदायी है। यह कथा अर्थ, धर्म और काम के साथ-साथ जीव को भक्ति और मुक्ति प्रदान कर परम पद तक पहुंचाती है। श्रीमद्भागवत साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का वांग्मय स्वरूप है, जिसके एक-एक अक्षर में प्रभु समाए हुए हैं। इसके श्रवण मात्र से दान, व्रत और तीर्थों से भी बढ़कर पुण्य प्राप्त होता है, जिससे धुंधकारी जैसे महापापी का भी उद्धार हो गया था।
गलती को समय पर सुधारना आवश्यक
कथावाचक ने जीवन का सूत्र देते हुए कहा कि मनुष्य से अनजाने में गलती होना स्वाभाविक है, लेकिन समय रहते उसमें सुधार कर लेना अत्यंत आवश्यक है। यदि सुधार न किया जाए, तो वही गलती पाप की श्रेणी में आ जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भागवत कथा केवल कानों से सुन लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि श्रोता के हृदय में जिज्ञासा और अटूट श्रद्धा का होना जरूरी है। परमात्मा दिखाई नहीं देते, किंतु वे सृष्टि के कण-कण और हर जीव में निवास करते हैं।
राजा परीक्षित के मोक्ष का प्रसंग
राजा परीक्षित के प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि जब राजा को ज्ञात हुआ कि सातवें दिन तक्षक नाग के डसने से उनकी मृत्यु निश्चित है, तो उन्होंने तुरंत राजपाट त्याग दिया और गंगा तट पर जाकर ऋषियों से मुक्ति का मार्ग पूछा। मुनियों के परामर्श पर शुकदेव जी ने शुकताल में उन्हें पहली बार भागवत कथा का श्रवण कराया, जिससे सातवें दिन राजा परीक्षित को मोक्ष की प्राप्ति हुई। संसार में हर प्राणी नश्वर है, लेकिन जो व्यक्ति भागवत कथा को सुनकर अपने जीवन में उतार लेता है, उसके समस्त दुख दूर हो जाते हैं और आत्मा का परमात्मा से मिलन होता है।
भक्तों की उमड़ी भीड़, महाआरती व भंडारे का आयोजन
कथा के दूसरे दिन कुष्ठ निवारण आश्रम आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी, प्रचारक, सदस्यगण, भागवत प्रवाह के पदाधिकारी, क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा समापन के पश्चात श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लिया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।
