सक्ती में उत्साहपूर्वक संपन्न हुई ‘संडे ऑन साइकिल’ की भव्य रैली, 100वें ऐतिहासिक संस्करण में लगभग 300 लोगों ने लिया हिस्सा

मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, स्वस्थ जीवनशैली एवं फिटनेस के प्रति नागरिकों को किया जागरूक

सक्ती – स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से आज सक्ती में फिट इंडिया मूवमेंट के लोकप्रिय अभियान ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें ऐतिहासिक संस्करण के अवसर पर भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली को मंडल अध्यक्ष, सक्ती नगर अभिषेक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइकिल रैली का शुभारंभ सुबह सेजेस (SAGES) स्कूल, सक्ती से हुआ। रैली अग्रसेन चौक, बाजार चौक, राजापारा चौक एवं शनि मंदिर चौक होते हुए पुनः सेजेस स्कूल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को नियमित व्यायाम, शारीरिक गतिविधियों एवं साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं शारीरिक रूप से सक्रिय रहने का संदेश भी दिया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। 100वें ऐतिहासिक संस्करण के अवसर पर आयोजित इस रैली में लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के जवान, एनसीसी कैडेट्स, कराटे के विद्यार्थी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 300 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
