सक्ती

शिक्षकों के समक्ष बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने सेवा पुस्तिकाओं में किए प्रमाणित हस्ताक्षर, पारदर्शिता और जवाबदेही की अनूठी पहल

35 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का सत्यापन

सक्ती-  मोर सेवा पुस्तिका – मोर अधिकार – मोर जिम्मेदारी अभियान चलाते हुए शिक्षकों के सेवा अभिलेखों को त्रुटिरहित एवं अद्यतन रखने तथा उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बम्हनीडीह बसंत चतुर्वेदी द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में दिनांक 28 नवंबर 2026  को मोर सेवा पुस्तिका – मोर अधिकार – मोर जिम्मेदारी अभियान के अंतर्गत बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने शिक्षकों की उपस्थिति में उनकी सेवा पुस्तिकाओं का बारीकी से सत्यापन किया और आवश्यक स्थानों पर प्रमाणित हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर बीईओ बसंत चतुर्वेदी एवं स्थापना प्रभारी डी पी राठौर ने शिक्षकों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि यदि किसी सेवा पुस्तिका में हस्ताक्षर छूट गए हों, तो स्वयं भी जांच कर अवश्य बताएं, ताकि आपके सामने ही हस्ताक्षर किए जा सकें। इस पहल का उद्देश्य कार्य में पारदर्शिता बनाए रखना और प्रत्येक शिक्षक को अपने सेवा अभिलेखों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनाना है।

35 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं का सत्यापन

संकुल सरहर, झरना, मौहाडीह एवं मुक्ताराजा के कुल 35 शिक्षकों की सेवा पुस्तिकाओं में निम्नलिखित महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं प्रपत्रों का सत्यापन कर हस्ताक्षर किए गए— परिवार सूची एवं नॉमिनी फॉर्म-D, फैमिली पेंशन संबंधी प्रपत्र, समूह बीमा फॉर्म-8, जीपीएफ एवं ग्रेच्युटी नॉमिनेशन, जनगणना कार्य के लिए अतिरिक्त अर्जित अवकाश संबंधी प्रविष्टियां।

सेवा अभिलेख दुरुस्त, भविष्य सुरक्षित!

इस विशेष पहल का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सेवानिवृत्ति के समय अथवा भविष्य में पेंशन, ग्रेच्युटी, समूह बीमा एवं अन्य स्वत्वों के भुगतान में शिक्षकों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी या अनावश्यक अड़चन का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों का आत्मीय स्वागत किया गया।

बीईओ बसंत चतुर्वेदी की यह पहल इस संदेश को सार्थक करती है कि शिक्षक का अधिकार सुरक्षित रखना विभाग की जिम्मेदारी है और अपने सेवा अभिलेखों के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक शिक्षक का दायित्व।

     इस अवसर पर संकुल समन्वयक माखन राठौर, संकुल समन्वयक उमेश तेम्बुलकर, संकुल समन्वयक गोपाल जायसवाल, संकुल समन्वयक सुरेश देवांगन, संकुल समन्वयक दीपक सिदार, शिक्षक शैलेष दुबे, जीवन राठौर, सेवा पुस्तिका सत्यापन कराने वाले शिक्षकों सहित बीईओ कार्यालय के कार्यालयीन स्टॉफ उपस्थित रहे।