राज्य के बाहर शैक्षणिक भ्रमण हेतु किसान उड़ीसा रवाना

10 दिवसीय प्रशिक्षण में सीखेंगे आधुनिक खेती तकनीक – विद्या सिदार ने किसानों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया
सक्ती- जिले के किसानों को “जैविक खेती मिशन योजना” अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण के लिए राज्य के बाहर ओडिशा रवाना किया गया। कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत सक्ती की सभापति विद्या सिदार ने किसानों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रशिक्षण के दौरान खेती की नई-नई तकनीकों को सीखें और वापस आकर जिले के अन्य किसानों को भी जागरूक करें, ताकि आधुनिक एवं उन्नत खेती को बढ़ावा मिल सके। रवानगी के समय कृषि स्थायी समिति के सदस्य आयुष शर्मा, उप संचालक कृषि जिला सक्ती तरुण कुमार प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बता दे कि यह शैक्षणिक भ्रमण 30 मार्च 2026 से 08 अप्रैल 2026 तक कुल 10 दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के कृषक कृषि विज्ञान केन्द्र, कटक से संबंधित संस्थानों एवं कृषि प्रक्षेत्रों का भ्रमण करेंगे, जहां उन्हें खेती की नवीन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त होगी, जिससे वे अपनी खेती में नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे।

