सक्ती मे दिव्यांग शिक्षक की बेरहमी से हत्या

टंगिया से वार कर उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद शव को घसीटकर जलाने की कोशिश
सक्ती- सक्ती जिले में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात आरोपी ने एक दिव्यांग शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान देवानंद भारद्वाज के रूप में हुई है, जो पिहरीद मे शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जर्वे गांव की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने शिक्षक पर टंगिया (धारदार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, हत्या के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा और उसने मृतक के शव को घसीटते हुए घर के पीछे ले जाकर जलाने का प्रयास किया, जिससे घटना और भी भयावह हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या संभवतः पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर की गई है, हालांकि मामले की स्पष्ट जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। इस निर्मम हत्या की घटना से गांव में दहशत का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।


