जिले में अब तक एक लाख सैंतीस हजार से अधिक परिवारों तक पहुंचा घरेलू नल कनेक्शन


जैजैपुर – नवगठित सक्ती जिला जांजगीर-चांपा जिले से विभाजित होकर 09 सितम्बर 2022 को छत्तीसगढ़ राज्य के 33 वें जिले के रूप में गठित हुआ। जिला गठन के बाद से ही जल जीवन मिशन जिला प्रशासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में अग्रणी रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो द्वारा पीएचई के कार्यपालन अभियंता को जल जीवन मिशन योजना का जिले में बेहतर क्रियान्वयन करने और ग्रामीणजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। जिसके तहत नवगठित सक्ती जिले में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की दिशा में जल जीवन मिशन मील का पत्थर साबित हुई है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में अब तक एक लाख सैंतीस हजार एक सौ उन्तालीस परिवारों तक घरेलू नल कनेक्शन पहुंच चुका है। जिससे ग्रामीणजन लाभान्वित हो रहे हैं। भारत सरकार व प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन, जिसका क्रियान्वयन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिला प्रशासन के दिशा निर्देशन में पूरी जिम्मेदारी से किया जा रहा है। सक्ती जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 456 ग्रामों के लिए 565 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिनकी कुल लागत 60,172.72 लाख रुपए है। इन योजनाओं के माध्यम से जिले के 1,56,245 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। नवगठित सक्ती जिले के गठन से पहले 58,491 परिवारों को ही घरेलू नल कनेक्शन प्राप्त था, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 1,37,139 परिवारों तक पहुंच गई है। यह वृद्धि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जा रहे सघन और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है। जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत सक्ती जिले के चारों विकासखंड सक्ती, जैजैपुर, डभरा और मालखरौदा में नल जल योजनाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सक्ती विकासखंड में 36,087 परिवारों में से अब तक 34,176 परिवारों को नल कनेक्शन मिल चुका है। जैजैपुर विकासखंड में 43,448 परिवारों में से 35,400 को घरेलू जल कनेक्शन प्राप्त हो चुका है। डभरा विकासखंड में 40,278 में से 33,338 परिवार लाभांवित हुए हैं। वहीं मालखरौदा विकासखंड में 36,432 में से 34,225 परिवारों तक पेयजल कनेक्शन पहुंच चुका है। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने जल जीवन मिशन को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा है।
हर घर जल प्रमाणन में उल्लेखनीय उपलब्धि
सक्ती जिले में जिला गठन के समय केवल 3 ग्राम ही हर घर जल प्रमाणीकृत थे, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 181 ग्रामो तक पहुंच गई है। यह सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और निरंतर मॉनिटरिंग के कारण संभव हुई है।
योजनाओं की पूर्णता का लक्ष्य
अब तक जिले में स्वीकृत 565 योजनाओं में से 221 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन की अवधि को वर्ष 2028 तक विस्तारित किया गया है। जिसके तहत शेष योजनाओं को आगामी चरणों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। जिससे सभी लंबित योजनाओं को समय पर पूर्ण करने की दिशा में कार्य जारी है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत सक्ती जिले ने तेजी से प्रगति की है। जिला प्रशासन की सक्रियता, विभागीय समन्वय और ग्राम पंचायतों की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जिससे आज सक्ती जिला हर घर जल प्रमाणीकृत जिले के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।


