महिलाओं और युवाओं ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह, घर-घर फहराया तिरंगा


जैजैपुर – कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के निर्देशन में जिले में 2 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग थीम पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिससे जिलेवासियों में देशभक्ति की भावना विकसित हो तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सभी के मन में सम्मान में वृध्दि हो। इसी क्रम में जनपद पंचायत जैजैपुर के खम्हारिया, झालरौदा, मलनी और हरदी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतो के गांव, गलियों, शासकीय भवनो आदि विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही युवाओं और महिलाओं द्वारा राष्ट्रगान भी गाया गया। विभिन्न ग्राम पंचायतो के ग्रामवासियों, गणमान्य नागरिकों, स्कूली बच्चों, युवाओं, बुजुर्गाे, महिलाओं सहित अन्य सभी लोगो ने उत्साह के साथ तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने राष्ट्र की सद्भावना, एकजुटता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।