सक्ती

बाराद्वार पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ देशी कट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार

ग्राम मुक्ताराजा में मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश

30 लीटर कच्ची महुआ शराब और 1 नग देशी कट्टा जब्त, आरोपी को भेजा गया जेल

सक्ती –  जिला सक्ती में अवैध जुआ-सट्टा, गांजा, शराब बिक्री और परिवहन करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में थाना बाराद्वार पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मुक्ताराजा में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब और एक देशी कट्टा बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में बाराद्वार थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया था।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुक्ताराजा में अवैध शराब और हथियार का जखीरा रखा गया है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए संयुक्त टीम ने ग्राम मुक्ताराजा में छापेमारी (रेड) की। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी हरीश कुमार कुर्रे (उम्र 36 वर्ष), पिता मोहन लाल कुर्रे, निवासी मुक्ताराजा, थाना बाराद्वार को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
शराब और हथियार जब्त, संगीन धाराओं में केस दर्ज
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 3,000 रुपये) और 01 नग देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाराद्वार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/26, आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।