सक्ती

गाली-गलौज से मना करने पर युवक और बीच-बचाव करने आई मां से मारपीट, दो युवकों पर केस दर्ज

सक्ती –  सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुंदरूझांझ में सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज करने से मना करने पर दो युवकों द्वारा एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंदरूझांझ निवासी किशन कुमार उरांव (28 वर्ष) 14 नवंबर 2026 की शाम गांव की ही अमरबिलास उरांव की किराना दुकान से सामान लेने जा रहा था। जैसे ही वह समारू उरांव के घर के पास गली में पहुंचा, वहां गांव के ही राजू उरांव और साहिल सिदार खड़े होकर गंदी गालियां दे रहे थे।
किशन ने जब उन्हें गाली देने से मना किया, तो दोनों युवक भड़क गए और किशन के साथ ही गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर साहिल सिदार ने किशन का कॉलर पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया, जिसके बाद राजू और साहिल ने मिलकर हाथ-मुक्कों और लात से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आई मां को भी पीटा
विवाद और मारपीट की आवाज सुनकर किशन की मां चिनीमति उरांव मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव करने लगीं। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और साहिल सिदार ने उनकी बाईं कलाई पकड़कर मरोड़ दी, जिससे उनके हाथ में अंदरूनी चोट और सूजन आ गई है। वहीं, मारपीट में किशन के नाक, गले और सीने में चोटें आई हैं। जाते-जाते आरोपियों ने मां-बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना को गांव के गोपाल उरांव और देवप्रसाद उरांव सहित अन्य लोगों ने देखा।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित किशन कुमार उरांव ने 15 नवंबर 2026 की रात चंद्रपुर थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राजू उरांव (22 वर्ष) और साहिल सिदार (22 वर्ष) के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।