सक्ती

कलार समाज ने हर्षोल्लास के साथ मनाई भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती

तुर्री धाम स्थित एकमात्र सहस्त्रबाहु मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना, वक्ताओं ने हैहयवंशी गौरवशाली इतिहास और सामाजिक एकजुटता पर दिया जोर

सक्ती –  कलार समाज के आराध्य देव राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती के पावन अवसर पर कलार समाज सक्ती द्वारा तुर्री धाम स्थित भगवान सहस्त्रबाहु मंदिर में भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान सहस्त्रबाहु की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ हुई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कलार समाज के जिलाध्यक्ष गिरधर जायसवाल ने भगवान सहस्त्रबाहु के पराक्रम और गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु स्वयं भगवान विष्णु के अवतार हैं, जिन्होंने अपने शौर्य और पराक्रम से लगभग 1600 वर्षों तक शासन किया। आज भी देश के विभिन्न हिस्सों में उनके द्वारा निर्मित स्थापत्य और अवशेष विद्यमान हैं। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जांजगीर का नामकरण हैहयवंशी राजा जाजल्लदेव के नाम पर हुआ है और रतनपुर हमारे वंश की ऐतिहासिक राजधानी रही है। समाज के शोधकर्ताओं को सरगुजा से लेकर बस्तर तक हैहयवंशी साम्राज्य के विशाल विस्तार के प्रमाण मिले हैं। जायसवाल ने आगे कहा कि कलार समाज विभिन्न उपनामों (सरनेम) के साथ पूरे देश में बड़ी संख्या में निवास करता है और अब बढ़ती एकजुटता के कारण समाज के लोग एक-दूसरे को जानने और जुड़ने लगे हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलार समाज परिक्षेत्र सक्ती के अध्यक्ष शिवप्रसाद जायसवाल ने कहा कि कलार समाज एक अत्यंत संगठित और जागरूक समाज है, जो सदैव जनसेवा के कार्यों में समर्पित रहता है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी दिनों में समाज का एक वृहद सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे जिले और प्रदेश के प्रबुद्ध जनों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में भगवान सहस्त्रबाहु का एकमात्र मंदिर तुर्री धाम में समाज के सामूहिक सहयोग से निर्मित हुआ है, जो हम सभी के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस आयोजन में प्रदेश उपाध्यक्ष रामनाथ जायसवाल, ब्लॉक कलार महासभा के अध्यक्ष हेमंत डडसेना, सक्ती नगर अध्यक्ष दिनेश जायसवाल, हीराधार जायसवाल, रूपेश जायसवाल, राकेश जायसवाल, सुरेश जायसवाल, राजेश जायसवाल, रमेश जायसवाल, रामलाल जायसवाल, रामकुमार डनसेना सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु और पदाधिकारी उपस्थित रहे।