रेलवे टिकट दलाली का बड़ा खुलासा: आरपीएफ चांपा की कार्रवाई में रेलवे कर्मचारी और कुली पकड़े गए

रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज, 97,390 रुपये मूल्य के 14 आरक्षित टिकटों के प्रिंट और मोबाइल फोन जब्त

सक्ती – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत रेलवे आरक्षित टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री और दलाली के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ पोस्ट चांपा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में दबिश देकर इस अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में रेलवे के एक वरिष्ठ वाणिज्य एवं टिकट लिपिक (Sr. CCTC) और बिलासपुर स्टेशन पर कार्यरत एक कुली की संलिप्तता उजागर हुई है। आरपीएफ ने दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
बिना मांग पत्र के बनाए जा रहे थे टिकट
आरपीएफ पोस्ट चांपा के प्रभारी द्वारा 15 नवंबर 2026 को बिलासपुर के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त को भेजी गई आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई 14 नवंबर को अंजाम दी गई। अवैध टिकट दलाली पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाराद्वार आरक्षण केंद्र की निगरानी की जा रही थी। जांच के दौरान बिलासपुर की अन्नपूर्णा कॉलोनी (सेक्टर-04) निवासी और बाराद्वार में पदस्थ रेलवे कर्मचारी उत्कर्ष पासी (28 वर्ष) की संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। आरोप है कि उत्कर्ष द्वारा बिना किसी वैध मांग पत्र (रिजर्वेशन फॉर्म) के 2,510 रुपये मूल्य का एक आरक्षित काउंटर टिकट जारी किया गया था।
व्हाट्सऐप पर आता था विवरण, कुली करता था सप्लाई
मामले की गहन पड़ताल में टिकट बुकिंग और उसकी डिलीवरी की पूरी चेन सामने आई है। जांच में दीपक पाल नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिसके माध्यम से व्हाट्सऐप पर यात्रियों का विवरण मंगवाकर टिकट तैयार कराए जाते थे। इसके बाद इन काउंटर टिकटों को आगे पहुंचाने का जिम्मा बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली धनीराम यादव (50 वर्ष, कुली नंबर-206) के पास था। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के परसदा निवासी धनीराम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह रेलवे कर्मचारी से टिकट लेकर ट्रेनों के माध्यम से संबंधित लोगों तक पहुंचाता था। इस काम के बदले उसे प्रति टिकट 300 से 400 रुपये कमीशन मिलता था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह अवैध कारोबार पिछले करीब एक वर्ष से संचालित हो रहा था।
97 हजार से अधिक के टिकट और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान आरपीएफ की टीम ने कुल 14 आरक्षित टिकटों के प्रिंट बरामद किए हैं, जिनका कुल बाजार मूल्य 97,390 रुपये आंका गया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिससे व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरपीएफ पोस्ट चांपा में 14 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 2708/2026 दर्ज कर जब्त सामग्री को जप्ती पत्रक में शामिल किया गया है।
नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी आरपीएफ
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम यात्रियों को सुगमता से कंफर्म टिकट उपलब्ध कराने और आरक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल आरपीएफ की टीम इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य व्यक्तियों, टिकट मंगवाने वाले एजेंटों और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही है।
