गंजीपारा में बाइक कट मारने पर विवाद: युवक ने चाकू मारकर दो को किया घायल, अस्पताल में भर्ती

सक्ती – जैजैपुर के गंजीपारा में मोटरसाइकिल को कट मारने की बात पर हुए विवाद में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जैजैपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जैजैपुर के ग्राम कोटवार बाबूदास महंत का पुत्र निखिल दास महंत अपने साथी लक्की साहू के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे शैलू गोस्वामी, साजन गोस्वामी और जितेन्द्र गोस्वामी के साथ मोटरसाइकिल कट मारने को लेकर उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी शैलू गोस्वामी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे चाकू से निखिल के पेट पर और लक्की के दाहिने हाथ की कलाई पर वार कर दिया। घटना को देखने के बाद स्थानीय निवासी बुद्धेश्वर प्रसाद साहू ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीकृत किया है।
