कार्तिक अमावस्या पर सक्ती मुक्तिधाम में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन, ‘एक दिया पितरों के नाम’ अभियान का हुआ आगाज

सक्ती- भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार, सक्ती द्वारा दीपावली (कार्तिक अमावस्या) के पावन अवसर पर मुक्तिधाम में “एक दिया पितरों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुक्तिधाम के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए प्रयासरत हनुमान मंदिर परिवार के सदस्यों ने अपने स्मृतिशेष स्वजनों की याद में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलित कर और पूजन कर पितरों को विदाई दी।
कार्यक्रम में उपस्थित हनुमान परिवार के संरक्षक एवं हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक अधिवक्ता चितरंजय सिंह पटेल ने कहा, “भारतीय संस्कृति व परंपरा आज भी पूरे विश्व में सर्वश्रेष्ठ है। हमारी संस्कृति में न केवल जीवित मनुष्यों का, बल्कि जीव-जंतुओं, पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों और पंचतत्वों के साथ-साथ मृत स्वजनों के सम्मान व पूजन की भी शाश्वत परंपरा है। इन परंपराओं का अनुसरण और संरक्षण करना हर सनातनी भारतीय का परम कर्तव्य है।”
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितृ पक्ष में भू-लोक में पधारे स्वर्गवासी पितर कार्तिक अमावस्या को पुनः बैकुंठवास (परमधाम) लौटते हैं। इस दौरान स्वर्ग द्वार से जब अपने परिजनों को रोशनी में अपना स्मरण व पूजन करते हुए देखते हैं, तो उन्हें अपार तृप्ति और शांति मिलती है। इसी आस्था के साथ हनुमान परिवार ने दीप जलाकर पितरों से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
मुक्तिधाम में आयोजित इस भावपूर्ण पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुजारी ओम प्रकाश वैष्णव, नारायण मौर्य (कोंडके), गोवर्धन देवांगन (सोनू), सुनीता अमित तंबोली, चमेली देवांगन, संतोष देवांगन, रिंकू निर्मलकर,महेंद्र गबेल, दिनेश देवांगन, हुतासन देवांगन, गौरीशंकर राठौर, गौरव, पप्पू खर्रा, सुरेश देवांगन सहित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार के अनेक सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उन पितरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की, जिनके दिए हुए संस्कारों की बदौलत आज वे समाज में एक सम्मानीय स्थान पर खड़े हैं।
