पलाड़ीकला में दीपावली पर फटाखा फोड़ने के विवाद में हलवाई पर डंडे और बेल्ट से हमला, दो पर एफआईआर दर्ज

सक्ती – जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पलाड़ीकला में दीपावली के अवसर पर फटाखा फोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर डंडे, बेल्ट और घूंसों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीच-बचाव करने पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पलाड़ीकला निवासी लुकेश्वर बरेठ (27 वर्ष), जो पेशे से हलवाई है, रविवार की रात गांव के समलाई चौक पर बच्चों के साथ फटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि गांव का ऐश्वर्य बरेठ, सतीश नागवाकर नाम के व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा था। जब लुकेश्वर बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचा, तो आरोपी भड़क गए।
गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी
बीच-बचाव से नाराज होकर आरोपी ऐश्वर्य बरेठ और उसका साथी राहुल समीर वहां आए और लुकेश्वर को ‘बड़ा हीरो बन रहा है’ कहते हुए गंदी-गंदी गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद राहुल समीर ने डंडे से और ऐश्वर्य बरेठ ने हाथ-मुक्के व बेल्ट से लुकेश्वर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में पीड़ित के सिर, पीठ और दाहिनी आंख के ऊपर गंभीर चोटें आई हैं। घटना को देखकर गांव के फिरत साहू, सतीश नागवाकर और राजा बरेठ ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भागे।
थाने में मामला दर्ज
घटना के अगले दिन पीड़ित लुकेश्वर बरेठ ने बाराद्वार थाने पहुंचकर मामले की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राहुल समीर और ऐश्वर्य बरेठ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील हरकतें या शब्द), 3(5) (संयुक्त जवाबदेही), और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी नरेंद्र यादव (इंस्पेक्टर) द्वारा की जा रही है।
