सक्ती

सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹2000 नगद और ताश के पत्ते जब्त

सक्ती – छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेल रहे चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी रकम और जुआ खेलने की सामग्री जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरेकेलखुर्द के करानाला के पास कुछ लोग ताश की पत्तियों पर पैसों का दांव लगाकर ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही हसौद थाना प्रभारी (प्रशिक्षु उप निरीक्षक) जयराम साहू, एसडीओपी चंद्रपुर/डभरा और पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम को आते देख कुछ जुआरी वहां से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:
कमलेश कुमार चंद्रा (उम्र 34 वर्ष), निवासी- खैरझीटी, नरेश धनुवार (उम्र 28 वर्ष), निवासी- खैरझीटी, कौशल जायसवाल (उम्र 28 वर्ष), निवासी- भातमाहुल, आजु कुमार भारद्वाज (उम्र 26 वर्ष), निवासी- बरेकेलखुर्द

मशरूका बरामदगी और कार्रवाई:
पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से कुल ₹2,000 नगद, 52 पत्ती ताश और एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी जब्त की है। मौके पर कोई सक्षम जमानतदार न होने के कारण पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।