सक्ती

बाराद्वार क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट, मामला दर्ज

सक्ती –  जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम अकलसरा में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चलाने से मना करने पर एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अकलसरा निवासी संदीप कुमार टंडन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे वह शनि देव मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही सोनू कुमार सबरिया अपनी पल्सर एनएस मोटरसाइकिल को बेहद तेज रफ्तार और तेज आवाज में चलाते हुए वहां से गुजरा।
संदीप ने जब उसे इतनी तेज गति से वाहन न चलाने की सलाह दी, तो सोनू उग्र हो गया। उसने विवाद करते हुए संदीप को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी ने संदीप के गले को नाखूनों से खुरच दिया, जिससे उसे चोटें आई हैं। घटना के वक्त मौके पर मौजूद पीड़ित के चचेरे भाई आयुष टंडन और बड़े भाई जगतराम टंडन ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पुलिस ने शिकायतकर्ता संदीप कुमार टंडन की मौखिक रिपोर्ट पर आरोपी सोनू कुमार सबरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 118(1) (खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील हरकतें और गाने) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। थाना प्रभारी नरेंद्र यादव द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।