सक्ती में 1 नवंबर को RSS मनाएगा विजयादशमी उत्सव

‘पथ संचलन’ के साथ धर्म जागरण प्रांत प्रमुख राजकुमार चन्द्रा होंगे मुख्य वक्ता

सक्ती – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) नगर सक्ती द्वारा आगामी 1 नवंबर 2026, दिन रविवार को जिला मुख्यालय सक्ती में भव्य ‘श्री विजयादशमी उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर संघ के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की आधिकारिक जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सक्ती के नगर कार्यवाह चिरंजीवी देवांगन ने बताया कि हमारे हिंदू समाज में पौरूष, शक्ति और पराक्रम का जागरण श्री विजयादशमी के पावन पर्व पर होता है। इसी परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए इस वर्ष विजयादशमी उत्सव कार्तिक कृष्ण पक्ष सप्तमी, रविवार (01 नवम्बर 2026) को जवाहर लाल नेहरू कॉलेज, सक्ती के परिसर में आयोजित किया गया है।
धर्म जागरण प्रांत प्रमुख होंगे मुख्य वक्ता
नगर कार्यवाह चिरंजीवी देवांगन ने बताया कि इस वर्ष आयोजित हो रहे विजयादशमी उत्सव में मुख्य वक्ता के रूप में राजकुमार चन्द्रा (धर्म जागरण प्रांत प्रमुख) प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान उनका पाथेय (मार्गदर्शन) स्वयंसेवकों और प्रबुद्ध जनों को प्राप्त होगा।
दोपहर 3 बजे से होगा पथ संचलन हेतु एकत्रीकरण
कार्यक्रम की रूपरेखा और समय सारिणी साझा करते हुए देवांगन ने बताया कि जवाहर लाल नेहरू कॉलेज परिसर और सक्ती नगर में भव्य ‘पथ संचलन’ (रूट मार्च) निकाला जाएगा। इसके लिए स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण का समय दोपहर 03:00 बजे निर्धारित किया गया है। पथ संचलन के लिए एकत्रीकरण का मुख्य स्थान शासकीय प्राथमिक शाला, सोंठी को बनाया गया है।
नगर कार्यवाह ने सभी स्वयंसेवकों से अपील की है कि वे समय अनुशासन का विशेष ध्यान रखें और निर्धारित समय से ठीक 10 मिनट पूर्व, पूर्ण गणवेश (यूनिफॉर्म) में एकत्रीकरण स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें। इस उत्सव को लेकर नगर में तैयारियां जोर-शोर से पूरी की जा रही हैं।
