मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

सक्ती – छत्तीसगढ़ राज्य के प्रतिभावान निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षण सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय स्तर के उच्च व्यावसायिक संस्थानों जैसे आईआईटी, एआईआईएमएस, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, नीट एवं आईआईआईटी में चयन उपरांत प्रवेश प्राप्त करने के लिए तत्कालिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना संचालित है। योजनांतर्गत पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित प्रपत्र में 30 अक्टूबर 2026 तक संबंधित कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, सक्ती में पंजीकृत डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन का प्रारूप कार्यालय अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/ से प्राप्त किया जा सकता है। निर्धारित तिथि के पश्चात आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। योजना के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना आवश्यक है। संबंधित संस्थान में चयन की पात्रता के साथ चयन प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश हेतु संस्थान द्वारा जारी सूचना-पत्र होना चाहिए। पालक की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के पात्र नहीं होंगे, किंतु चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बच्चे योजना का लाभ ले सकेंगे। आवेदन निर्धारित प्रपत्र में ही स्वीकार किए जाएंगे।
