सक्ती

सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार के तहत सेजेस सक्ती में वृहद शिविर आयोजित

सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार के तहत सेजेस सक्ती में वृहद शिविर आयोजित kshititech

सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर में कुल 329 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 267 आवेदन का मौके पर किया गया निराकरण

सक्ती-  सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देश एवं प्रदेश सहित जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में “सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार” के तहत 01 अक्टूबर को सेजेस सक्ती में वृहद जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य  विद्या सिदार, टिकेश्वर गबेल, कलेक्टर  जयश्री जैन, जिला पंचायत सीईओ  वासु जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आमजनों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। सेजेस सक्ती में आयोजित सेवा सेतु शिविर में कुल 329 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 267 आवेदन का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें आमजनों एवं हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान कार्ड वितरण, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं की जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, सिकल सेल सहित विभिन्न लैब जांच की सुविधा प्रदान की गई। मेडिकल बोर्ड की टीम द्वारा आवश्यक प्रमाण-पत्र संबंधी कार्यवाही की गई। टीबी के मरीजों को फूड बास्केट का वितरण किया गया तथा विभिन्न मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर के दौरान नेत्रदान एवं देहदान के लिए संकल्प लेने वाले जिलेवासियों को सम्मानित कर समाज के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया गया। शिविर में रोजगार एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं तथा 01 जुलाई 2025 से प्रारंभ हुए वीबीजीरामजी योजना के संबंध में भी आमजनों को जानकारी प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र हितग्राहियों को योजना के प्रावधान, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
        सेवा सेतु शिविर में हितग्राही पंजीयन काउंटर, आधार कार्ड अपडेटेशन, स्वास्थ्य विभाग, वृहद स्वास्थ्य शिविर, रोजगार एवं आजीविका, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, श्रम विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, मत्स्य पालन विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग, खाद्य विभाग, नगर पालिका परिषद सक्ती, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता एवं जनजागरूकता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, समाज कल्याण, आदिम जाति विकास, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य, शिक्षा, श्रम सहित अन्य विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं।

शिविर का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना है

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार” का मूल उद्देश्य शासन और आमजन के बीच की दूरी को कम करना तथा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को जरूरतमंद व्यक्ति तक सहजता से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर आम जनता के लिए एक ऐसा मंच जहां जिले के सभी विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ ले सकते हैं। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण, महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पशुओं के समय पर उपचार कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण बातों के लिए जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को सीएम हेल्पलाइन, सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से भी आमजन को अपनी विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवश्यकताओं व शिकायतों को बताने की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आप सभी जमीनी स्तर पर सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार, पटवारी आदि के माध्यम से भी अपनी समस्याओं को प्रशासन व शासन तक पहुंचा सकते हैं। साथ ही विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले विभागीय कार्यालयों से भी संपर्क किया जा सकता हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि पात्र हितग्राही किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझते हैं और यथासंभव उनका निराकरण भी किया जाता है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने आमजनों से शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योजनाओं की जानकारी लेने तथा पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील की। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अग्रवाल, उच्च न्यायालय अधिवक्ता श्री चितरंजय पटेल ने भी संबोधित करते हुए सभी लोगों को इस तरह आयोजित होने वाले शिविर में विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ साथ योजनाओं की लाभ लेने की बात कही। शिविर में शाकम्भरी बोर्ड के सदस्य श्री प्रेम पटेल, श्री टिकेश्वर गबेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, जनपद पंचायत सक्ती सीईओ श्री सीके आदिले, सीएमओ सक्ती श्री प्रहलाद पाण्डेय, जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्यकर्मी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन एवं हितग्राही उपस्थित रहे।

शिविर स्थल पर सभी ने पौष्टिक भोजन के माध्यम से पोषण स्तर बेहतर बनाने लिया संकल्प

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेजेस सक्ती में आयोजित सेवा सेतु शिविर में आज सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों और आमजन ने अपना स्वयं का पोषण स्तर बेहतर रखने तथा अपने आस पास के सभी लोगों को भी पोषण स्तर बेहतर रखने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन कर योजनाओं और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक*

       सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनजागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सेजेस सक्ती में नुक्कड़ नाटक का प्रभावी मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी योजना, सरस्वती साइकिल योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाई। साथ ही नशामुक्ति के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने सहज संवाद एवं प्रभावी अभिनय के माध्यम से योजनाओं के लाभ और उद्देश्यों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना की। कार्यक्रम ने जनभागीदारी के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजनों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने का संदेश दिया।


विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

    सेजेस सक्ती में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभाग अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर स्थल पर प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड वितरण, वय वंदन योजना कार्ड वितरण, स्वामित्व योजना अंतर्गत कार्ड वितरण, राशन कार्ड वितरण, विवाह प्रमाण पत्र, स्व सहायता समूह की महिलाओं को चक्रीय निधि की राशि का चेक वितरण, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक सहायता योजना, स्वाइल हेल्थ कार्ड आदि विभिन्न योजनाओं से शिविर स्थल पर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

          उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के मध्य जिले के सभी विकासखंड में सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 1 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सक्ती मे शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को शासकीय हाईस्कूल कचंदा, जैजैपुर में, 5 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मालखरौदा में तथा 6 अक्टूबर को शासकीय हाईस्कूल सपोस, डभरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा शिविर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत विभाग, नगरीय निकाय, खाद्य विभाग, आदिम जाति विकास विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग आदि विभागों को विभिन्न हितग्राही मूलक योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने शिविर आयोजन के पूर्व गांव गांव में मुनादी कराते हुए शिविर आयोजन का जमीनी स्तर पर भी व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस शिविर का लाभ उठा सके।