सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के सभी विकासखंड में सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार शिविर का होगा आयोजन

सक्ती- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत देश प्रदेश सहित जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के मध्य जिले के सभी विकासखंड में सेवा सेतु अभियान, सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 1 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सक्ती मे शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 3 अक्टूबर को शासकीय हाईस्कूल कचंदा, जैजैपुर, 5 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मालखरौदा तथा 6 अक्टूबर को शासकीय हाईस्कूल सपोस, डभरा में शिविर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा शिविर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, पंचायत विभाग, नगरीय निकाय, खाद्य विभाग, आदिम जाति विकास विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग आदि को विभिन्न हितग्राही मूलक योजना अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने शिविर आयोजन के पूर्व गांव गांव में मुनादी कराते हुए शिविर आयोजन का जमीनी स्तर पर भी व्यापक प्रचार प्रसार कराए जाने के निर्देश दिए हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस शिविर का लाभ उठा सके।
