उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा गुंडाधूर एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान , 30 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित

सक्ती – संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर (छत्तीसगढ़) के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला सक्ती द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले गुंडाधूर सम्मान 2026-27 एवं महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान 2026-27 के लिए अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं। इन सम्मानों के माध्यम से खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा। निर्धारित प्रारूप में 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। दोनों सम्मानों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ी निर्धारित अवधि में विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित आवेदन प्रारूप के अनुसार अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। गुंडाधूर सम्मान 2026-27 के लिए वर्ष 2025-26 में वरिष्ठ वर्ग की राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेकर स्वर्ण, रजत अथवा कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। इसके साथ ही ऐसे खिलाड़ी भी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। यह सम्मान किसी एक खिलाड़ी अथवा एक टीम को प्रदान किया जा सकता है। इसी प्रकार महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान 2026-27 के लिए वर्ष 2025-26 में तीरंदाजी की सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी इस सम्मान के लिए पात्र होंगे। दोनों सम्मानों के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की नगद राशि, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के उन खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ एवं देश का गौरव बढ़ाया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि केवल विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किए गए निर्धारित आवेदन प्रारूप में ऑनलाइन प्रस्तुत किए गए आवेदन ही मान्य होंगे। अतः इच्छुक खिलाड़ी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
