सक्ती

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने धान खरीदी केंद्र नगरदा का किया औचक निरीक्षण

टोकन के आधार पर धान की ढेरी लगाकर सुव्यवस्थित खरीदी करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखे जाने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने धान खरीदी केंद्र नगरदा का किया औचक निरीक्षण kshititech

सक्ती – कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के धान खरीदी केंद्र नगरदा का औचक निरीक्षण कर खरीदी कार्य एवं आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं खरीदी प्रभारियों को धान खरीदी कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
           निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी प्रभारी को किसानों से साफ-सुथरा एवं निर्धारित गुणवत्ता का धान लेने तथा टोकन के आधार पर धान की ढेरी लगाकर सुव्यवस्थित खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बारदानों पर स्टेंसिल के माध्यम से संबंधित धान खरीदी केंद्र का नाम अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। साथ ही केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में डेनेज एवं तिरपाल की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाए, ताकि  आवश्यकता पड़ने पर धान को सुरक्षित रखा जा सके। कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में पेयजल सहित किसानों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बारदाने, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे एवं धान की गुणवत्ता जांच सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला मार्कफेड अधिकारी रमेश लहरे, एआरसीएस मनीष खोबरागड़े, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा प्रबंधक शैलेंद्र तिवारी, पर्यवेक्षक विनोद साहू सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।