सक्ती

पद की आड़ में अवैध कृत्यों को अंजाम दे रहा उप सरपंच

कोटवार ने की कलेक्टर से शिकायत

सक्ती –  जिला सक्ती अंतर्गत ग्राम पंचायत सिरली में उप सरपंच द्वारा जमकर अपने पद का दुरुपयोग किया जा रहा है। पद की आड़ में अवैध कृत्यों को वह अंजाम दे रहा है। उसके अवैध कृत्यों की शिकायत कलेक्टर तक पहुंच चुकी है। इस संबंध में उप सरपंच की शिकायत कोटवार ने की है। जिसमें कोटवार ने उपसरपंच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम पंचायत सिरली के कोटवार मनीष जुलाहा ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की है। कलेक्टर से किए गए शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उपसरपंच खगेश्वर राठौर द्वारा गांव की शासकीय जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। शासकीय जमीन पर कब्जा करने उसने खेत बना रखा है। आलम यह है कि उप सरपंच के किए गए बेजा कब्जा के कारण भविष्य में विकास कार्यों के लिए जमीन उपलब्ध नहीं होगी। इसके अलावा उप सरपंच मनमानी तरीके से रेत का खनन करवा रहा है। ट्रैक्टर व जेसीबी से खनन को अंजाम दिया जा रहा है। एक तरफ शासन प्रशासन द्वारा किसानों को कीटनाशक उपलब्ध कराया जा रहा है, तो दूसरी ओर उप सरपंच गांव में ही अवैध रूप से कीटनाशक यूरिया की बिक्री कर रहा है। अपने सहयोगी किशन राठौर के साथ मिलकर वह कोटवारी जमीन की खरीद फरोख्त में जुटा हुआ है। वह मनमानी तरीके से ईंट भट्ठा का संचालन भी कर रहा है। इस तरह के तमाम अवैध कृत्यों को अपने पद की आड़ में वह अंजाम देता आ रहा है। कोटवार ने उपसरपंच के कृत्यों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।