शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेल्हाडीह की छात्रा राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित

संभाग स्तरीय अंडर 14 बालिका बैडमिंटन टीम में बनायी अपनी जगह बिलासपुर संभाग का करेगी प्रतिनिधित्व

सक्ती – सक्ती विकासखंड एवं जिला मुख्यालय के समीप के एक छोटे से गांव बेल्हाडीह से आने वाली और अपने गांव के एक साधारण सरकारी स्कूल में कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली छात्रा तानि बरेठ का चयन अंडर 14 बालिका बैडमिंटन में दिनांक 24/09/2026 से 27/09/2026 तक छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
ग्रामीण अंचल की विचारधारा एवं परिवेश में रहते हुए भी विद्यालय के सीमित संसाधनों एवं मार्गदर्शन में संभागीय टीम में जगह बनाई है वह अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है ।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानपाठक श्रीमती भारती साहू ने बताया कि छात्रा तानि बरेठ शुरू से ही खेल कूद व अन्य गतिविधियों के साथ ही साथ पढ़ाई में भी अव्वल रही है ,उसे वर्तमान शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए विद्यालय का शाला नायक भी बनाया गया है।उसकी खेलकूद की रुचि को देखते हुए उसे विद्यालय की ओर से प्रोत्साहित करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। तानि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता श्रीमती बबिता बाई बरेठ व उषा कुमार बरेठ, टीम के साथी खिलाड़ियों एवं गुरुजनों को दिया है। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि के लिए छात्रा के अभिवावक एवं उच्च कार्यालय व विकासखंड व जिले के समस्त व्यायाम शिक्षकों धन्यवाद दिया है जिनके उचित प्रोत्साहन व मार्गदर्शन से यह संभव हो सका है। वहीं ग्राम पंचायत बेल्हाडीह की सरपंच श्रीमती शारदा भारद्वाज ने इस शानदार उपलब्धि पर छात्रा एवं विद्यालय परिवार को बधाई एवं आगे की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी है। साथ ही साथ संकुल प्राचार्या श्रीमती सुचिता बा, संकुल समन्वयक संजीव कुमार साहू विद्यालय की प्रभारी प्रधानपाठक श्रीमती भारती साहू, शिक्षक संतोष कुमार रात्रे, टीकाराम साहू, कार्तिक राम यादव सहित ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। विदित हो कि ओलंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल और क्षेत्रीय स्तर के खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1954 में स्थापित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (भारत विद्यालय खेल महासंघ) SGFI भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय एवं भारतीय ओलंपिक महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त एक स्वायत्त राष्ट्रीय खेल महासंघ और पंजीकृत राष्ट्रीय खेल नियामक संस्था है, जो प्रतिवर्ष देशभर में राष्ट्रीय स्तर पर सबसे प्रतिष्ठित स्कूली खेल प्रतियोगिताओं का संचालन करती है। यह वैश्विक स्तर पर इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन एवं एशियन स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन का सक्रिय सदस्य है। यह भारत में स्कूली स्तर पर खेलों का सबसे बड़ा मंच है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बोर्ड परीक्षा में 10 प्रतिशत एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 15 प्रतिशत बोनस अंक मिलता है। इसके अलावा प्रतिष्ठित महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों में स्पोर्ट्स कोटा में प्रवेश, केन्द्र एवं राज्य सरकार की नौकरी जैसे रेलवे, पुलिस,सेना और बैंक में प्राथमिकता के साथ खेल कोटा के आरक्षण का प्रावधान होता है। साथ ही साथ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं खेलों इंडिया व राज्य खेल नीति के तहत मासिक/वार्षिक छात्रवृत्ति और मुफ़्त खेल उपकरण मिलने का रास्ता साफ हो जाता है। राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्कूल गेम्स और अन्य वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन ट्रायल से अंतर्राष्ट्रीय मंच में शामिल होने का अवसर मिलता है एवं पेशेवर कोचों से प्रशिक्षण एवं नेशनल स्पोर्ट्स फेडरेशन के नज़र में प्रोफाइल का मजबूत बनना आदि लाभ शामिल है।
