श्री रामलला दर्शन हेतु सक्ती जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना

श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

सक्ती – छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रारंभ की गई “श्री रामलला दर्शन (अयोध्याधाम) योजना” के अंतर्गत प्रदेश के श्रद्धालुओं को नि:शुल्क अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से सुविधाजनक यात्रा कराई जा रही है। इसी क्रम में सक्ती जिले से 37 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। कलेक्टर श्रीमती जय श्री जैन के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। अयोध्या धाम रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने इस विशेष अवसर के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
