सक्ती

केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत सीईओ ने ली जिले के अधिकारियों की समीक्षा बैठक

संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए आवश्यक निर्देश

सक्ती-   ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आगामी 11 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन  कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक  प्रफुल्ल ठाकुर एवं जिला पंचायत सीईओ  वासु जैन ने संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं आमजनों की सुविधाओं और सुरक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत सीईओ ने व्ही.आई.पी. आगमन एवं आवागमन, पार्किंग, मुख्य मंच, डोम एवं पंडाल निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेटिंग, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन सहित स्वास्थ्य व्यवस्था एवं पेयजल व्यवस्था अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण करने तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध रूप से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम जेठा स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर  बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर  बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर  के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर  अरुण कुमार सोम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।