कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का सतत निरीक्षण, अनियमितता पाए जाने पर दो प्रतिष्ठान सीलबंद

मेसर्स शंकर कृषि केन्द्र एवं मेसर्स श्री श्याम एग्रो कृषि केन्द्र पर कार्रवाई, दोनों प्रतिष्ठान सीलबंद

सक्ती- जिले में किसानों को उच्च गुणवत्ता युक्त कीटनाशक उपलब्ध हो सके, इसके लिए कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। कृषि विभाग के निरीक्षकों द्वारा विक्रय स्थलों से कीटनाशकों के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। विक्रय स्थल पर अनियमितता पाए जाने अथवा गुणवत्ताहीन सामग्री का वितरण किए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर ने जिले के सभी खाद, बीज एवं दवा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा गुणवत्ताहीन सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के अनुपालन में कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई की जा रही है। अब तक कीटनाशक के 21 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। इसी क्रम में विगत दिवस विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा नगर पंचायत अड़भार स्थित विक्रेता मेसर्स श्री श्याम एग्रो कृषि केन्द्र एवं बीज भंडार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक बुक, वितरण पंजी एवं अवसान पंजी का संधारण नहीं किया जाना पाए जाने पर कीटनाशक निरीक्षण दल द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रतिष्ठान को सीलबंद करने की कार्रवाई की गई। इसके पश्चात मेसर्स शंकर कृषि केन्द्र, बोड़ासागर का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्कंध पंजी का संधारण एवं प्राधिकार पत्र चस्पा नहीं किया जाना, कालातीत कीटनाशक का पंजी संधारण नहीं किया जाना तथा वितरण पंजी एवं बिल बुक अद्यतन नहीं किया जाना पाया गया। अनियमितताओं के कारण संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी कर सीलबंद करने की कार्रवाई की गई।
उप संचालक कृषि सक्ती ने बताया कि किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं दवा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से नमूने लेकर गुणवत्ता जांच कराई जा रही है। यह कार्रवाई सतत जारी रहेगी तथा जिन विक्रेताओं द्वारा गुणवत्ताहीन सामग्री का विक्रय किया जाना पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

