सक्ती

नगरदा में 60 छात्राओं को मिली साइकिल, डॉ. खिलावन साहू ने किया वितरण

सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों से किया संवाद

सक्ती/नगरदा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरदा में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सक्ती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री डॉ. खिलावन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कक्षा नवमी की 60 छात्राओं को साइकिल वितरित की।

इस अवसर पर डॉ. खिलावन साहू ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि आज की बेटियां और बेटे ही विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव हैं। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, रचनात्मक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभाओं की भी जानकारी ली।

डॉ. साहू ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के समान अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। सरस्वती साइकिल योजना भी विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं की शिक्षा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नगरदा के सरपंच बॉम्बे लाल यादव, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विनोद जायसवाल, सियाराम साहू, धरम कंवर, श्याम चौहान, करम सिंह कंवर, तुलेश्वर साहू सहित विद्यालय के प्राचार्य छत राम सिदार, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।