सक्ती

सक्ती में ‘निर्यात प्रक्रिया (रजिस्ट्रेशन से शिपमेंट तक)’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

सक्ती – जिले में निर्यात को बढ़ावा देने एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सक्ती द्वारा “निर्यात प्रक्रिया (रजिस्ट्रेशन से शिपमेंट तक)” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन गिरिराज रैन बसेरा, स्टेशन रोड, सक्ती में किया गया। कार्यशाला में उद्योग संचालनालय रायपुर के अधिकारी, हाथकरघा विभाग जांजगीर-चांपा के प्रतिनिधि, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सक्ती के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के हाथकरघा, पावरलूम एवं अन्य उद्योगों से जुड़े उद्यमियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर उद्योग संचालनालय रायपुर के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को निर्यात प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए रजिस्ट्रेशन से लेकर शिपमेंट तक की विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही निर्यात से जुड़े आवश्यक प्रावधानों एवं औपचारिकताओं के बारे में भी मार्गदर्शन किया गया। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, सक्ती ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जिले के उद्यमियों को निर्यात के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नए व्यापारिक अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न रियायतों एवं अनुदानों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी।