सक्ती नगर के तीर्थ स्थल दमाऊधारा जलप्रपात में दुर्ग जिले के गिरे हुए नवयुवक की 14 घंटे के बाद लाश मिली

दुर्ग के 20 वर्षीय प्रतीक कंवर की मौत, फिर सवालों के घेरे में दमाऊधारा की सुरक्षा व्यवस्था

सक्ती – सक्ती जिले के प्रसिद्ध पिकनिक स्थल दमाऊधारा में डूबे दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवक प्रतीक कंवर का शव लगभग 14 घंटे के अथक रेस्क्यू अभियान के बाद बुधवार दोपहर 1:10 बजे बरामद कर लिया गया। नगर सेना (DDRF) की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए गहरे पानी से शव बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, प्रतीक कंवर (20) पिता दुर्गा कंवर, निवासी ग्राम हथखोज, थाना छावनी, जिला दुर्ग अपने पांच दोस्तों के साथ 28 जुलाई 2026 को दमाऊधारा पिकनिक मनाने आया था। सुबह करीब 11 बजे सभी युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे। इसी दौरान प्रतीक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और नगर सेना की आपदा प्रबंधन (DDRF) टीम मौके पर पहुंची। मंगलवार सुबह से देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बारिश और अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। बुधवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई और करीब 1.10 बजे, लगभग 14 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया।
पहले भी कई हादसों का गवाह रहा है दमाऊधारा
दमाऊधारा अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ लगातार हो रहे हादसों के कारण भी चर्चा में रहा है। बरसात के मौसम में यहां पानी का तेज बहाव और गहराई कई बार लोगों की जान ले चुकी है। पूर्व में भी कई पर्यटक और युवक यहां डूबने की घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और निगरानी की कमी लगातार सवाल खड़े करती रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष हादसों के बाद सुरक्षा बढ़ाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद व्यवस्थाएं फिर ढीली पड़ जाती हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर प्रशासन के सामने यह चुनौती खड़ी कर दी है कि दमाऊधारा जैसे संवेदनशील पर्यटन स्थल पर स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

