प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक सम्पन्न

स्वीकृत आवासों को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने तथा आवास प्लस 2024 की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
सक्ती – मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती वासु जैन द्वारा जिला पंचायत सक्ती के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत मैदानी अमलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूर्ण कर हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा के दौरान आवास प्लस 2024 के अंतर्गत सर्वेक्षित परिवारों की स्थायी प्रतीक्षा सूची (पी.डब्ल्यू.एल.) तैयार करने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभाओं के प्रस्तावों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्रातिशीघ्र आवास पोर्टल पर अपलोड कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें, ताकि पात्र हितग्राहियों की पी.डब्ल्यू.एल. का निर्माण समय पर सुनिश्चित किया जा सके। मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने सभी मैदानी अमलों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति, नियमित प्रगति समीक्षा तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आवास समन्वयक, विकास खण्ड समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




