चावल देकर भविष्य बताने वाले बाबा पर रेप केस

दर्द भगाने के बहाने महिला से गंदी हरकत; एक साल में 3 पाखंडी पकड़ाए

सक्ती – रायपुर के रहने वाले एक बाबा को महासमुंद पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। नरेंद्र नयन शास्त्री खुद को ज्योतिषाचार्य बताता था। वह ‘चावल वाले बाबा’ या ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से भी जाना जाता है। वह चावल और लाल फूल देकर भूत, भविष्य बताने के लिए फेमस रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादातर वह कथा भी सुनाता था। एक महिला ने आरोप लगाया कि वह बॉडी पेन से परेशान थी, इसके इलाज के लिए वह नरेंद्र शास्त्री के पास गई थी। इस दौरान उसने रेप किया। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बता दें कि साल भर में 3 पाखंडी बाबाओं पर छत्तीसगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की है। इससे पहले रेप के आरोप में जांजगीर-चांपा से एक ढोंगी निर्मल बाबा (60) को भी पकड़ा गया था। वहीं डोंगरगढ़ में धर्म के नाम पर अश्लीलता करने वाले पाखंडी बाबा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
महिला की शिकायत पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, महिला ने बागबाहरा थाने में 6 मई को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप, एक ही महिला से बार-बार रेप और कमजोर/असहाय स्थिति का फायदा उठाकर रेप करने से संबंधित धाराएं लगाई और कार्रवाई की है। आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ बागबाहरा थाने में धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत FIR दर्ज है।
रायपुर के सिलयारी से हुई गिरफ्तारी
मंगलवार (9 मई) को बागबाहरा थाना पुलिस रायपुर पहुंची थी। सिलयारी इलाके से आरोपी नरेंद्र शास्त्री को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए बागबाहरा लेकर आई। बताया जा रहा है कि रायपुर के सिलयारी में नरेंद्र शास्त्री का घर है, वह यहीं रहता है। इस मामले को लेकर पुलिस ने फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही जानकारी दी जाएगी।
जांजगीर चांपा में पकड़ाया निर्मल बाबा
इसी तरह का एक और मामला 2 महीने पहले जांजगीर-चांपा जिले से सामने आया था। जहां महिला को शरीर में दर्द की परेशानी थी, इस समस्या के इलाज के लिए वह निर्मल बाबा (60) के पास गई थी। बाबा ने उसे चमत्कार से पूरा ठीक करने का झांसा दिया और प्रसाद खिलाया। भरोसे में लेकर बाबा ने उसे मैहर बुलाया, जहां एक होटल में ले जाकर उसने महिला से दुष्कर्म किया और कुछ न्यूड फोटो खींच लिए। जब पीड़िता ने विरोध किया तो बाबा ने इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो वायरल कर दिए। पुलिस ने आरोपी को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया था।
पाखंडी बाबा के आश्रम से मिले थे सेक्स टॉयज
करीब 11 महीने पहले छत्तीसगढ़ की पवित्र नगरी डोंगरगढ़ में एक पाखंडी बाबा पकड़ा गया था। प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पास तरुण अग्रवाल उर्फ सोनू (45 साल) जटाधारी साधु के वेश में रहकर आश्रम चलाता था। पुलिस ने उसके आश्रम में रेड मारकर सेक्स टॉयज, इंजेक्शन, वियाग्रा और नशीले पदार्थ जब्त किए थे। आश्रम से 2 किलो गांजा मिला था। आरोपी पाखंडी बाबा 20 साल से गोवा में था, वहीं से उसने योग सिखा, वहां विदेशियों को योग सिखाता था, डोंगरगढ़ में पिछले डेढ़ साल से साधु के वेश में रह रहा था। पुलिस को शक होने पर कार्रवाई की गई थी।




