12 दिन बाद भी दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं

सक्ती – थाना चंद्रपुर में दर्ज दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में नामजद आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी अंगदेव यादव के खिलाफ 28 मई को अपराध दर्ज किया गया था, लेकिन 12 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि 13 मई की सुबह वह खेत के मेड़ रास्ते से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान चंद्रपुर निवासी अंगदेव यादव ने उसका रास्ता रोक लिया और कथित रूप से उसे जबरन खेत की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि भय और सामाजिक दबाव के कारण वह कई दिनों तक घटना की जानकारी किसी को नहीं दे सकी। बाद में मानसिक तनाव बढ़ने पर उसने अपने पति, सास तथा आसपास की महिलाओं को घटना की जानकारी दी। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी द्वारा लगातार दैहिक शोषण किए जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर थाना चंद्रपुर पुलिस ने आरोपी अंगदेव यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 64(1) एवं 351 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की है। जानकारी के अनुसार आरोपी अंगदेव यादव वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डभरा के उपाध्यक्ष पद पर है। अब लोगों की निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि गंभीर आरोपों से जुड़े इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी कब तक हो पाती है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आगे क्या कार्रवाई की जाती है।




