सक्ती

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 05 जुलाई को

सक्ती – कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकासविभाग द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु लिखित चयन परीक्षा का आयोजन 05 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों का वर्तमान में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना तथा कक्षा 4वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया होना अनिवार्य है। पात्र विद्यार्थी योजना के अंतर्गत आयोजित चयन परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे तथा परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयनित किए जाएंगे। राज्य शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों का चयन कर राज्य के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाया जाएगा। योजना के तहत आयोजित चयन परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के पालकों की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित शालाओं में अध्ययनरत कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों को ही दिया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए इच्छुक विद्यार्थी अपने आवेदन पत्र के साथ कक्षा 4वीं की अंकसूची, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पालक का आय प्रमाण पत्र, आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण पत्र तथा संस्था के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने संबंधी प्रमाण पत्र संलग्न कर 20 जून 2026, शनिवार तक अपने विद्यालय में जमा कर सकते हैं। विद्यालय प्रमुखों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर उन्हें 22 जून 2026, सोमवार तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किया जाएगा। इसके पश्चात विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदनों की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जांजगीर-चांपा में 24 जून 2026, बुधवार तक भेजी जाएगी।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए इच्छुक पालक एवं विद्यार्थी अपने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।