सक्ती

लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निपटान के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य करे राजस्व अधिकारी- कलेक्टर

सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का कलेक्टर ने किया विभागवार विस्तृत समीक्षा, प्राप्त आवेदनों का करें समयबद्ध निराकरण

सक्ती – कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार अन्तर्गत जिले के विभिन्न चिन्हांकित स्थलों पर आयोजित होने वाले जनसमस्या शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और तेजी से समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निपटान के लिए राजस्व अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित सभी तहसीलदारों को आरआई, पटवारी को  विभिन्न चिन्हांकित ग्रामों में पहुंचकर राजस्व प्रकरणों का तेजी से निराकरण कराए जाने के निर्देश दिए।
     बैठक में कलेक्टर ने आगामी खरीफ फसल सीजन के दृष्टिगत कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषि विभाग को खाद बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपलब्ध स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों को नैनो यूरिया एवं अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए है।
      कलेक्टर ने आगामी मानसून के दृष्टिगत वन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं रेशम विभाग से पौधों की उपलब्धता की जानकारी ली तथा आगामी मानसून में पौधरोपण की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को आगामी नए शैक्षणिक सत्र के लिए शाला प्रवेश उत्सव का प्रभावी आयोजन करने, विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
         समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना के आगामी संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के संचालन के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में सुनिश्चित करें तथा शिकायतों के निराकरण संबंधी सभी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित रखें, ताकि सीएम हेल्पलाइन की सुविधा से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके। कलेक्टर ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या हो, उसका तत्काल निराकरण किया जाए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित मामलों पर सभी विभागों को समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।