वेदांता पावर प्लांट में ठेका श्रमिकों का धरना समाप्त

NGSL के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन, PRO दीपक विश्वकर्मा बोले- श्रमिकों के भुगतान के लिए NGSL को दिए गए निर्देश
सक्ती – सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में ठेका श्रमिकों द्वारा किया जा रहा धरना-प्रदर्शन फिलहाल समाप्त हो गया है। एनजीएसएल (NGSL) कंपनी के लगभग 70 ठेका श्रमिकों ने गेट नंबर-1 के सामने छंटनी, बकाया भुगतान और रोजगार बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। श्रमिकों का आरोप था कि 14 अप्रैल 2026 को प्लांट में हुए बॉयलर हादसे, जिसमें 25 श्रमिकों की मौत हुई थी, के बाद बिना किसी लिखित सूचना के बड़ी संख्या में कर्मचारियों को मौखिक रूप से कार्य से अलग किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी श्रमिकों के अनुसार प्लांट में करीब 400 ठेका कर्मचारी कार्यरत थे, जिनमें से 200 से अधिक श्रमिकों को काम से हटा दिया गया है। धरना दे रहे श्रमिकों ने सभी प्रभावित कर्मचारियों को पुनः रोजगार देने या नई एजेंसी में समायोजित करने, मई एवं जून माह का वेतन, अतिरिक्त तीन माह का मुआवजा, कार्य अनुभव प्रमाण पत्र, एनओसी तथा पीएफ, ईएसआईसी और बोनस सहित सभी लंबित देयकों के भुगतान की मांग की थी। इस मामले में वेदांता पावर प्लांट के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि संबंधित सभी श्रमिक एनजीएसएल कंपनी के ठेका अंतर्गत कार्यरत थे। उन्होंने कहा कि प्लांट प्रबंधन द्वारा एनजीएसएल के अधिकारियों को श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एनजीएसएल प्रबंधन ने श्रमिकों के लंबित भुगतान को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। एनजीएसएल द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद श्रमिकों ने अपना आंदोलन और धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। हालांकि श्रमिकों का कहना है कि यदि तय समय में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे फिर आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं।




