जनपद पंचायत डभरा अंतर्गत ग्राम जवाली में हुआ जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन


शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का
ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को मिल रहा निरंतर लाभ
सक्ती- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सक्ती जिले के जनपद पंचायत डभरा अंतर्गत ग्राम जवाली में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजित किया गया। जनपद पंचायत डभरा क्लस्टर के 19 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए जिसमें कुल 317 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के लिए संबंधित विभागो को प्रेषित कर ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया गया। ग्राम पंचायत जवाली में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रशासन को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाना है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाकर उन्हें शासन की सुविधाओं का सीधा लाभ दिलाया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि ऐसे शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदनों और कार्यों का प्राथमिकता के साथ गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत जवाली में आयोजित शिविर लोगों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका शीघ्र समाधान करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुँचाकर उन्हें लाभान्वित करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी तरह जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को शासन की योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें पारदर्शी एवं सरल सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन चाहता है कि हर नागरिक जागरूक बने, योजनाओं का लाभ उठाए और विकास कार्यों में अपनी सहभागिता निभाए।
शिविर में कलेक्टर द्वारा हितग्राहियों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुके आवासों के लिए स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा पूर्ण आवास वाले हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपी गई। साथ ही खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड का वितरण, शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली छात्र- छात्राओं को गणवेश का वितरण, बिहान की महिलाओं को आजीविका संवर्धन बढ़ाने हेतु डेमो चेक का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मछली पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। जवाली में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सक्ती उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर पटेल, श्री आलोक पटेल, जनपद पंचायत डभरा अध्यक्ष श्रीमती अरुणा महेन्द्र सिदार, जनपद पंचायत डभरा उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू संजू पटेल, जनपद पंचायत सदस्य जनपद पंचायत डभरा श्रीमती काजल किरण डनसेना, मंजू गोड़, विमल खुंटे, खुशंवत चन्द्रा, तिलेश चन्द्रा, अध्यक्ष नगर पंचायत डभरा दीपक साहू, दीपक अग्रवाल, भपेन्द्र शंकर पटेल, दिनेश बरेठ, नेतराम चन्द्रा, श्याम कुमार, सरपंच ग्राम पंचायत छवारीपाली, साराडीह, सकराली, पटीडीह एवं कलस्टर के सरपंच सहित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, अधीक्षक, भू-अभिलेख जिला सक्ती श्री बैजूलाल उरांव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदनी बाग द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डभरा श्री सी. के. आदिले, तहसीलदार श्री मनमोहन प्रताप सिंह, श्री संजय मिंज, नायब तहसीलदार श्री आशीष पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, क्लस्टर के सरपंच, सचिव, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।


